गाजीपुर : सपा महिला जिलाध्यक्ष पद के लिए ज्योति मिश्रा की मजबूत दावेदारी

महिला संगठन की कमान संभालने की जताई इच्छा
प्रमोद सिन्हा / गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की महिला सभा में जिलाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं सैदपुर विधानसभा प्रभारी ज्योति मिश्रा ने महिला जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव को आवेदन सौंपकर महिला सभा की जिम्मेदारी दिए जाने का अनुरोध किया है।
गाजीपुर जनपद के ग्राम एवं पोस्ट बासूपुर की निवासी ज्योति मिश्रा राजनीतिक गतिविधियों के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। आवेदन में उल्लेख के अनुसार, वह जय मां राजकुमारी देवी सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण संस्था की संस्थापक हैं। इस संस्था के माध्यम से वह पीडीए वर्ग की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने और उनके सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही हैं। ज्योति मिश्रा ने अपने आवेदन में कहा है कि वर्तमान में गाजीपुर महिला सभा के जिलाध्यक्ष का पद रिक्त है। ऐसे में यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपता है, तो वह अपने अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सक्रियता के बल पर महिला संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगी। महिला जिलाध्यक्ष पद के लिए ज्योति मिश्रा की दावेदारी के बाद अब पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें जिला एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्णय पर टिकी हैं। हालांकि, इस पद पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिला इकाई की कमान किसे सौंपी जाती है।



