फतेहपुर : पत्रकार प्रभाकर पांडे को मिला ‘विद्यार्थी की प्रेरणा पुरस्कार 2026

फतेहपुर । अमर शहीद, निर्भीक पत्रकार एवं महान स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती के पावन अवसर पर श्रेष्ठ फाउंडेशन सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जिला अध्यक्ष, लखनऊ जर्नलिस्ट एसोसिएशन, फतेहपुर प्रभाकर पांडे को ‘विद्यार्थी की प्रेरणा पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी जी के स्मारक प्रांगण में प्रदान किया गया। गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनहित के प्रति समर्पण को रेखांकित करने वाला रहा। विद्यार्थी जी का संपूर्ण जीवन निर्भीक पत्रकारिता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और जनसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में स्थापित स्मारक प्रांगण में सम्मान प्राप्त करना प्रभाकर पांडे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। श्रेष्ठ फाउंडेशन सेवा संस्थान द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान पत्रकारिता के सम्मान,सामाजिक चेतना और विद्यार्थी जी के आदर्शों के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक कवि/ शायर शिव शरण बंधु , प्रबंधक बाबू सिंह खरहरा, संस्थापक/ प्रदेश अध्यक्ष शिव सिंह सागर, उपाध्यक्ष श्रीकांत साहू, महामंत्री वसीक सनम और सोशल मीडिया प्रभारी राजू फतेहपुरी सहित कई लोग मौजूद रहे।




