Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेशक्राइमफतेहपुर

फतेहपुर: युवक ने साथी की चाकू मारकर की हत्या,भाभी की मौत, बहन गंभीर

दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में फैली सनसनी

शिबू/फतेहपुर। जनपद के थाना थरियांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हसवा में शुक्रवार को हुई खौफनाक हिंसक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव निवासी दिलदार कुरैशी ने पहले अपने साथी फैजान पुत्र रुआब (उम्र लगभग 27 वर्ष) पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने ही घर में भाभी जिकरा परबीन तथा बहन मन्नू पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।‌घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने भाभी जिकरा परबीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बहन मन्नू की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हैलट अस्पताल कानपुर नगर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी पहलुओं पर गहराई से जांच करने तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी दिलदार कुरैशी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे के कारणों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दोहरे हत्याकांड से ग्राम हसवा सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण घटना से सहमे हुए हैं और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button