बुलंदशहर : बुगरासी में नए नगर पंचायत कार्यालय का उद्घाटन

महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण – सांसद डॉ. भोला सिंह से मोहित त्यागी की एक्सक्लूसिव बातचीत
बुलंदशहर। स्याना तहसील के बुगरासी में नए नगर पंचायत कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। इस दौरान महाराणा प्रताप, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और पद्मभूषण बाबूजी कल्याण सिंह की प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बुलंदशहर सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. भोला सिंह मौजूद रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष ओमदत्त लोधी के नेतृत्व में कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर सांसद ने उपलब्धियां गिनाईं।
हिंदुस्तान संदेश से एक्सक्लूसिव बातचीत में सांसद डॉ. भोला सिंह ने कहा भाजपा सरकार में विकास कार्यों को रफ्तार मिली है। पूर्व के नगर पंचायत कार्यकालों में विकास कार्य ठप रहे, लेकिन अब बुगरासी में विकास कार्य धरातल पर साफ दिखाई दे रहे हैं। डबल इंजन सरकार का लाभ अब नगर पंचायतों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष ओमदत्त लोधी के नेतृत्व में बुगरासी में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। नए कार्यालय और महापुरुषों की प्रतिमाओं के अनावरण को लेकर नगरवासियों में भारी उत्साह है। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर पंचायत के सभासद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




