बुलंदशहर में सड़क हादसे में दो साधुओं की मौत

बुलंदशहर। नरसेना के मांडू ऋषि आश्रम में भंडारे में शामिल होने जा रहे दो साधुओं की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। ऊंचागांव शनि देव मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान शिकारपुर के चामुंडा देवी मंदिर, पंचदशनाम अखाड़ा के संत ओम भारती उम्र 60 साल और संत रघुनंदन गिरी उम्र 65 साल के रूप में हुई है। दोनों साधु नरसेना स्थित मांडू ऋषि आश्रम में आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। ऊंचागांव शनि देव मंदिर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों साधुओं की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर अन्य साधु-संत मौके पर पहुंचे और पुलिस कार्रवाई से पहले ही बिना पोस्टमार्टम कराए दोनों शवों को अपने साथ ले गए। संत समाज में घटना को लेकर शोक की लहर है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेने का प्रयास शुरू कर दिया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
– रिपोर्ट: मोहित त्यागी

