Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : मतदेय स्थलों पर 28,29 नवम्बर को होंगे विशेष अभियान दिवस

प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) रहेंगे उपस्थित। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर,प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क तथा जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से मिलेगी सहायता

गाजीपुर ।  01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक निर्धारित है। इस दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने तथा वर्तमान मतदाताओं को अपनी प्रविष्टियों की जांच एवं आवश्यक संशोधन कराने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों पर जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। इसके साथ ही बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे, ताकि पात्र नागरिक नए पंजीकरण, नाम विलोपन संबंधी आपत्ति तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकें। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित रहेगी। इसके अतिरिक्त, जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 सक्रिय रहेंगे, जिनके माध्यम से नागरिक अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने के साथ ही आवश्यक जानकारी एवं सहायता हासिल कर सकेंगे।  
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं तथा महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में आवेदन फॉर्मों की उपलब्धता तथा हेल्प डेस्क का संचालन होगा।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि वे 28 एवं 29 नवम्बर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर 17 नवम्बर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में संशोधन कराने तथा निवास परिवर्तन की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। वहीं, नियमानुसार किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें दर्ज होना आवश्यक है। अतः सभी नागरिक विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं, अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button