
बुलंदशहर/ संवाददाता, मोहित त्यागी। स्याना में रविवार को नगर में बच्चों की सुपुर्दगी को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा का रूप ले लिया। मामला बुगरासी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के बाहर का है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों कोतवाली लाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार दिल्ली से गुंजित सिंह अपने माता-पिता के साथ स्याना नगर पहुंचा था। गेस्ट हाउस के बाहर उसकी पत्नी से अपने दो बच्चों की सुपुर्दगी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। बताया गया कि गुंजित सिंह और उसकी पत्नी की शादी 10 वर्ष पहले हुई थी। उनके फतह सिंह उम्र 4 वर्ष और सुप्रीत सिंह उम्र 7 वर्ष नाम के दो बच्चे हैं। बच्चों की सुपुर्दगी को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। युवक और उसके माता-पिता ने महिला पर गंभीर आरोप लगाए। पति का आरोप है कि महिला गेस्ट हाउस में रहकर बच्चों की सुपुर्दगी देने के एवज में पैसे मांग रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में तीखी नोक-झोंक हुई। बच्चों को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे। सड़क पर हुए इस विवाद से बुगरासी रोड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीर और स्थानीय लोग तमाशा देखने के लिए रुक गए। माहौल बिगड़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और उन्हें कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी राम नारायण सिंह ने बताया कि “पति-पत्नी के बीच बच्चों की सुपुर्दगी को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। दोनों पक्षों से अलग-अलग वार्ता की जा रही है। न्यायालय के आदेश के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया गया है। पुलिस ने कहा कि कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। कोर्ट में लंबित मामले में सड़क पर इस तरह का विवाद करना उचित नहीं है।




