बुलंदशहर : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो मिलावटी और सड़ा पनीर पकड़ा

1.12 लाख का माल मौके पर नष्ट
मोहित त्यागी / बुलंदशहर । त्योहारी सीजन से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग अलर्ट मोड पर है। विभाग की टीम जिले में टोल प्लाजा और मुख्य नाकों पर लगातार वाहनों की सघन चेकिंग कर रही है। इसी निगरानी अभियान के तहत FSDA टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक बोलेरो मैक्स सीएनजी वाहन को रोका, जिसमें दो बड़े कंटेनरों में करीब *400 किलोग्राम पनी भरकर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। मौके पर मौजूद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जब पनीर की जांच की तो वह अस्वच्छ, बदबूदार और खट्टा पाया गया। अधिकारियों के अनुसार यह पनीर प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के बिल्कुल योग्य नहीं था और इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा हो सकता था। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख 12 हजार रुपये कीमत के 400 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही नियमानुसार बरामद पनीर के दो नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। FSDA अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित वाहन मालिक और सप्लायर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी । सहायक आयुक्त (खाद्य) ममता चौधरी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




