मिर्जापुर : क्रेशर प्लान्ट हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों को मिला 15-15 लाख का मुआवजा

तारा त्रिपाठी/मीरजापुर। थाना अहरौरा अन्तर्गत ग्राम भगौतीदेई क्रेशर प्लान्ट पर कल ब्लास्टिंग के चलते स्टार्टर रूम के ढहने से उसमें दब कर मरने वाले चार मजदूरों के परिवारों को आज खान अधिकारी मीरजापुर जितेन्द्र सिंह के द्वारा 15-15 लाख रुपए का मुआवजा प्रदान किया गया। इस अवसर पर खान अधिकारी सोनभद्र भी उपस्थित रहे। ज्ञातव्य हो कि जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार की घोषणा के 24 घंटे के अन्दर प्रशासनिक अमला हरकत में आया और मदद की 60लाख की धनराशि संबंधित क्रेशर प्लान्ट के संचालक पिंटू पटेल की तरफ से दी गई। खान अधिकारी के माध्यम से मदद राशि उपलब्ध कराने के कारण यह राशि सीधे पीड़ित परिवार को मिल सका। खदानों में आये दिन हो रही दुर्घटनाओं के कारण अब तक कई मजदूर जान गवा चुके हैं। खदानों, क्रेशर प्लान्टों पर नियम को ताख पर रख कर अक्सर ब्लास्टिंग आदि के कार्य होते रहते हैं ।नियमों को नजरअंदाज करने के कारण कल की भी सबसे बड़ी हृदय बिदारक घटना घटी जिसमें चार परिवार का कोई पति के साये से मरहूम हुआ तो किसी के सिर से पिता की साया उठ गई। कोई अनाथ हुआ तो कोई का परिवार सड़क पर आ गया। गनीमत रहा कि तीन और मजदूर अपनी जान गवां बैठते किन्तु वे तीनों मजदूर स्टार्टर रुम में न बैठ कर सौ मीटर दूर जाकर हवा में बैठे जिससे उनकी जान बच गई अन्यथा मरने वालों की संख्या सात होती। अब प्लान्टों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम की दरकार की अपेक्षा की जा रही है। नियम का कड़ाई से पालन कराने की जोरदार मांग उठने लगी है। कल की घटना ने मृतक के गांव में ही नहीं बल्कि भगौतीदेई गांव में भी मातम फैला दिया है। लोग सहमे हए से दिखाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि मु॓आवजे से मजदूर की जिन्दगी वापस नहीं आ सकती है। हमें सुरक्षा के इंतजाम चाहिए ।



