गाजीपुर: विधान परिषद चुनाव ,भांवरकोल में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न

स्नातक में 38.11% और शिक्षक वर्ग में 60.96% मतदान
त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए भांवरकोल ब्लॉक मुख्यालय स्थित तीनों मतदेय स्थलों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान समाप्ति तक स्नातक वर्ग में 38.11 प्रतिशत, जबकि शिक्षक वर्ग में 60.96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया । बूथ संख्या 51 पर 187 शिक्षक मतदाताओं में से 114 ने मतदान किया। वहीं, स्नातक वर्ग के बूथ संख्या 131 पर 1,214 के सापेक्ष 476 तथा बूथ संख्या 131 (अ) पर 1,100 के सापेक्ष 406 मतदाताओं ने वोट डाले। सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दो घंटों में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन समय बढ़ने के साथ मतदाताओं की आवाजाही तेज हो गई। दोपहर में मतदाताओं की संख्या बढ़ने से परिसर में भीड़ रही। बरामदे में जगह कम पड़ने पर कई मतदाताओं को धूप में भी अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। मतदान के दौरान उपजिलाधिकारी रणविजय सिंह और क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने मतदान केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नायब तहसीलदार नीतीश कुमार शाही, खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद, सेक्टर मजिस्ट्रेट कालिका कुमार और थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ पूरे समय परिसर में मुस्तैद रहे ।प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।




