बुलंदशहर : खुर्जा में बड़ा सड़क हादसा, डंपर में घुसी रोडवेज बस

9 साल की मासूम बच्ची की मौत, 18 घायल
मोहित त्यागी /बुलंदशहर। जिले के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस आगे चल रहे रोड़ी से लदे डंपर में जा घुसी। यह हादसा खुर्जा देहात के बगराई कट पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में इटावा निवासी 9 वर्षीय मासूम राधिका की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे में कुल 18 यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद डंपर और रोडवेज बस का चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बस फजलगंज डिपो (कानपुर) की थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



