
मोहित त्यागी / बुलंदशहर। कूटरचित दस्तावेजों से किसानों की जमीन हड़पने वाले गैंग पर जहांगीरपुर पुलिस ने कमरतोड़ कार्रवाई की है। पुलिस-प्रशासन ने तीन गैंगस्टर्स की करीब 7.4 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी है। कुर्क संपत्ति में तीन मकान, तीन आवासीय प्लॉट और एक दुकान शामिल है। पुलिस के अनुसार, राहुल शर्मा, अभिलाष शर्मा और सचिन शर्मा का गिरोह जेवर एयरपोर्ट के पास किसानों को निशाना बना रहा था। आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसानों की कृषि भूमि का बंदरबांट कर रहे थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी ने बताया कि राहुल शर्मा और अभिलाष शर्मा पर 19-19 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सचिन शर्मा पर 24 मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर शुक्रवार को तीनों आरोपियों की अवैध संपत्ति को कुर्क किया गया। जहांगीरपुर पुलिस और राजस्व टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मकानों, प्लॉटों और दुकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।




