Slide 1
Slide 1
बुलंदशहर

बुलंदशहर : सिकंद्राबाद में साप्ताहिक बाजार से लगा भीषण जाम

एंबुलेंस फंसी, वीडियो वायरल

बुलंदशहर/सिकंद्राबाद, संवाददाता। सिकंद्राबाद के माधोदास बाजार से अंसारियां मोहल्ले तक गुरुवार को लगे साप्ताहिक बाजार में भीषण जाम लग गया। जाम में फंसी एक एंबुलेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार को माधोदास बाजार में साप्ताहिक बाजार लगता है। इस दौरान सड़क के दोनों ओर दुकानदारों और फड़ वालों ने अतिक्रमण कर रखा था। ऊपर से बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण माधोदास बाजार से अंसारियां मोहल्ले तक घंटों यातायात बाधित रहा। इसी जाम में एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने एंबुलेंस के जाम में फंसने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एंबुलेंस का हूटर बजता साफ सुना जा सकता है, लेकिन भीड़ के कारण उसे रास्ता नहीं मिल पा रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि साप्ताहिक बाजार के दिन पुलिस की कोई व्यवस्था नहीं रहती। अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण हर गुरुवार को यही हाल होता है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बाजार के दिन ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। इस संबंध में सिकंद्राबाद पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। साप्ताहिक बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। जाम लगने के कारणों की जांच कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button