वाराणसी : राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर बीएचयू में उद्यमिता संवाद का आयोजन,रक्तदान से दिया मानवता का संदेश

वाराणसी । राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान स्थित डेयरी विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जन-जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, मानव सेवा, विद्यार्थी उद्यमिता एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल मालवीय हॉल के बाहर लगभग 250 विद्यार्थियों के एकत्रित होने के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली, जो मालवीय हॉल से प्रारंभ होकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर तक पहुँची। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रेरक नारों एवं संदेशों के माध्यम से दूध एवं दुग्ध उत्पादों के पोषण संबंधी महत्व, संतुलित आहार, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों, खाद्य सुरक्षा तथा डेयरी क्षेत्र की उपयोगिता के प्रति आमजन को जागरूक किया। रैली के समापन अवसर पर कृषि विज्ञान संस्थान के अधिष्ठाता प्रो. सतीश कुमार सिंह एवं विश्वविद्यालय के छात्र सलाहकार प्रो. मनोज कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस प्रकार की पहल को समाज के प्रति विद्यार्थियों की जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता विकसित करने वाला सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्वाह्न 11 बजे से कामधेनु हॉल, डेयरी विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लगभग 65–70 व्यक्तियों ने रक्तदान हेतु पंजीकरण कराया, जिनमें से चिकित्सकीय परीक्षण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप लगभग 40 यूनिट रक्त का सफलतापूर्वक संग्रह किया गया।
इस अवसर पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक अतुलनीय कार्य है। विज्ञान एवं तकनीक की सहायता से अनेक वस्तुओं का निर्माण संभव है, लेकिन मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त केवल स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जा सकता है। इसलिए विद्यार्थियों के बीच रक्तदान की संस्कृति विकसित करना अत्यंत सराहनीय एवं अविस्मरणीय पहल है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए विभाग,आयोजनकर्ताओं एवं सभी रक्तदाताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने डेयरी विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग का अवलोकन भी किया। विद्यार्थियों द्वारा विकसित विभिन्न नवाचार आधारित खाद्य उत्पादों का निरीक्षण एवं स्वाद परीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से ‘महामना प्रसादम्’ की सराहना की। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा घी एवं अन्य पौष्टिक सामग्री से तैयार ऊर्जा बार तथा बिना मैदा के बनाए गए ‘मालवीय कुकीज़’ का स्वाद लेकर उनकी गुणवत्ता, पोषण संबंधी विशेषताओं एवं रचनात्मकता की प्रशंसा की। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. वी.के.मिश्रा तथा अधिष्ठाता प्रो. सतीश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए आयोजन, उनकी टीम भावना, अनुशासन एवं सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयी शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल,नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करना भी है।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप स्थापना, ग्रामीण उद्यमिता एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराने के लिए विशेषज्ञ व्याख्यान एवं संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर सनर्जी रिन्यूएबल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री कुणाल अग्रवाल, ग्रैंडमाज विलेज फूड्स के संस्थापक श्री राहुल गुप्ता ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा किया। विश्व बैंक से जुड़ी सुश्री अर्चना सिंह ने भी विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में भारतीय डेयरी संघ के अध्यक्ष एवं बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के कुलपति प्रो. डी.सी. राय ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं विभाग की इस अभिनव पहल की प्रशंसा करते हुए सभी को बधाई दी। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. आर. के. दुआरी ने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुसंधान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व, उद्यमिता एवं नवाचार के लिए सक्षम बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
भारतीय डेयरी संघ के सचिव-सह-कोषाध्यक्ष एवं न्यूट्रिशन सोसाइटी ऑफ इंडिया के सचिव डॉ. तरुन वर्मा ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा आयोजन में सक्रिय मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। विद्यार्थियों में रक्तदान की सकारात्मक संस्कृति विकसित होना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को शिक्षा एवं अनुसंधान के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी प्रतिबद्धता से निर्वहन करना चाहिए। रक्तदान शिविर में न्यूट्रिशन सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रो. वी. के. पासवान, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. सुनील मीना, डॉ. अभिषेक दत्त त्रिपाठी, डॉ. अंकिता हुड्डा सहित अन्य शिक्षकों एवं प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न संस्थाओं एवं व्यक्तियों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। इनमें सोहन नारायण फार्मर डेयरी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के श्री वैभव नारायण राय, ग्रैंडमाज विलेज फूड्स के श्री राहुल गुप्ता, सनर्जी रिन्यूएबल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री कुणाल अग्रवाल, जैनम जीविका फाउंडेशन के श्री राहुल वर्मा एवं श्री सौरभ सोनकर तथा चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से प्रो. संदीप कुमार, डॉ. आशुतोष एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। चिकित्सा विज्ञान संस्थान से डॉ. ईसा जायसवाल ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।




