Slide 1
Slide 1
बुलंदशहर

बुलंदशहर : 24 घंटे में 3 भीषण सड़क हादसे

7 लोगों की दर्दनाक मौत, एक घायल  

बुलंदशहर। जिले में पिछले 24 घंटे में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 7 लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। सभी हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हुए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गुलावठी: डिवाइडर लांघकर पेड़ से टकराई कार, 3 दोस्तों की मौत

गुलावठी के छपरावत के पास देर रात भीषण हादसा हो गया। मथुरा और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले चार दोस्तों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे में शिवम और आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक ने मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बीबी नगर निवासी विशाल मामूली रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। गुलावठी पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।

सिकन्द्राबाद: अज्ञात वाहन ने दो को कुचला, मौके पर मौत

सिकन्द्राबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित हाईवे-34 पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान श्यामसुंदर और संजू, निवासी जिला शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों सिकन्द्राबाद औद्योगिक क्षेत्र की किसी फैक्ट्री में काम करने आए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

देहात कोतवाली: स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो को रौंदा, ग्रामीणों का हंगामा 

देहात कोतवाली क्षेत्र के कुड़वाल बनारस गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। टक्कर के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो बिजली के खंभे से जा टकराई। बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ कर दी और सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।

रिपोर्ट: मोहित त्यागी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button