
बुलंदशहर। थाना खुर्जा देहात के मालखाने/यार्ड में खड़े वाहनों में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। बिजली का तार टूटकर वाहनों पर गिरने से आग भड़क उठी। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि यार्ड के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार अचानक टूटकर नीचे खड़े वाहनों पर गिर गया। तार में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली और देखते ही देखते कई वाहनों ने आग पकड़ ली। यार्ड में एक्सिडेंटल वाहन और मुकदमों से संबंधित जब्त वाहन खड़े थे। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे यार्ड में खड़े अन्य सैकड़ों वाहन जलने से बच गए। थाना परिसर में खड़े वाहनों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अगर आग फैल जाती तो पुलिस थाने को भी खतरा हो सकता था। फिलहाल कितने वाहन जले हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। पुलिस और विद्युत विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगना माना जा रहा है।
रिपोर्ट: मोहित त्यागी
