Slide 1
Slide 1
बुलंदशहर

बुलंदशहर : बुगरासी में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 139वीं जयंती पर निकला विशाल शोभा यात्रा

 
मोहित त्यागी/ बुलंदशहर। भारत माँ के वीर सपूत, अमर क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर विश्व सनातन हिंदू फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।
फाउंडेशन के अनुसार शोभा यात्रा रवानी कटीरी, बुगरासी से शुरू होकर स्याना होते हुए जिला अधिकारी कार्यालय और उसके बाद बाबूजी कल्याण सिंह प्रतिमा स्थल पर समाप्त हुई।
यात्रा के दौरान डीजे की देशभक्ति धुनों पर कार्यकर्ता जमकर झूमे। हाथों में तिरंगा और भगत सिंह जी के पोस्टर लेकर युवा “भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे। शोभा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति और सनातन धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा। इस यात्रा के संयोजक विश्व सनातन हिंदू फाउंडेशन के अध्यक्ष ज्ञानेश चौहान रहे। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। जब शोभा यात्रा रवानी कटीरी पहुंची तो नगर वासियों ने फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। फाउंडेशन का कहना है कि शहीद भगत सिंह जी को शत-शत नमन करने और उनके बलिदान से युवाओं को प्रेरणा लेने के उद्देश्य से यह शोभा यात्रा निकाली गई है।

शहीद के सम्मान को लेकर 5 सूत्रीय मांग

शोभायात्रा के बाद VSHF ने उपजिलाधिकारी स्याना के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ये प्रमुख मांगें रखी गईं। शहीद भगत सिंह जी को “भारत पुत्र” की उपाधि/सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए। बुगरासी चौराहे का नाम “शहीद भगत सिंह चौराहा” और संबंधित मार्ग का नाम “शहीद भगत सिंह मार्ग” किया जाए। स्याना में आधुनिक और व्यवस्थित रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कराया जाए। बुगरासी से दिल्ली, नोएडा और मेरठ के लिए रोजाना UPSRTC की नियमित बस सेवा शुरू की जाए। स्याना में महाराजा पृथ्वीराज चौहान जी की प्रतिमा के लिए उपयुक्त सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराया जाए।

बुगरासी में भगत सिंह की प्रतिमा की मांग

इसी क्रम में नगर पंचायत बुगरासी के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष को अलग से ज्ञापन देकर डॉ. जी.बी. सिंह हॉस्पिटल के सामने वाले तिराहे पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई। VSHF के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश चौहान ने कहा कि भगत सिंह जी का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि देश के प्रति कर्तव्य, साहस और त्याग की प्रेरणा है। उनके नाम को सार्वजनिक जीवन में सम्मान देना नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि संगठन ने शहीदों के सम्मान के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन और क्षेत्रीय विकास के मुद्दे भी उठाए हैं और शासन-प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई की उम्मीद है। कार्यक्रम में मौजूद रहे VSHF से – राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नवनीत सिंह, राष्ट्रीय कार्यालय सचिव कौशल प्रताप, प्रदेश सचिव जितेन्द्र सिंह, प्रवीण चौहान, दुष्यन्त चौहान, सचिव सुनील चौहान, जिलाध्यक्ष बुलंदशहर गिरीश चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश शर्मा, युवा जिलाध्यक्ष पवनेश राघव, तहसील उपाध्यक्ष स्याना कृष्ण कुमार, जिलाध्यक्ष गौरक्षा हापुड़ अनिल लोधी, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा हापुड़ सुमित चौहान, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा मेरठ आशीष चौहान। राजपूत संघ स्याना से – अध्यक्ष प्रमोद चौहान ‘गुड्डू’, उपाध्यक्ष डॉ. रामसरन सिंह, कोषाध्यक्ष मास्टर राजपाल सिंह, युवा अध्यक्ष नवीन चौहान, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष पवन चौहान, डॉ. इदरीस, डॉ. संतोष, सुनील चौहान, जगदीश राणा, योगेश चौहान, हाजी अब्बास, आफाक खान, सानू चौधरी सहित क्षेत्र के कई समाजसेवी और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button