बुलंदशहर : स्याना के गांव बुकलाना में आयुष्मान आरोग्य मंदिर में गंदगी का अंबार, डॉक्टर नदारद

मोहित त्यागी (बुलंदशहर)। जिले की स्याना तहसील क्षेत्र के गांव बुकलाना में बना आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र बदहाली का शिकार है। ग्रामीणों ने केंद्र पर तैनात डॉक्टर पर स्वास्थ्य केंद्र पर न आने का गंभीर आरोप लगाया है। गांव के बिजली घर के पास बने इस उप स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। गंदगी के कारण इतनी बदबू आ रही है कि वहां खड़ा होना भी मुश्किल है। देखकर ऐसा लगता है मानो वहां काम करने वाला कर्मचारी सालों से आया ही न हो। इस संबंध में जब स्याना सरकारी अस्पताल प्रभारी को जानकारी देने के लिए फोन मिलाया गया तो उन्होंने फोन तक नहीं उठाया।
ग्रामीणों का दर्द: प्राइवेट डॉक्टरों से लुटने को मजबूर ग्रामीणों का कहना है कि यहां सालों से कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी आता ही नहीं है। इलाज के लिए ग्रामीणों को बुगरासी प्राइवेट अस्पताल में जाना पड़ता है। मजबूर होकर उन्हें प्राइवेट डॉक्टरों के पास जाना पड़ता है और आर्थिक शोषण का शिकार होना पड़ता है। बुकलाना गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे है। हद तो तब हो गई जब इस मामले में बुलंदशहर के सीएमओ डॉ. सुनील दोहरे को ही नहीं पता था कि स्वास्थ्य केंद्र पर किसी की तैनाती है या नहीं। पहले उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर किसी भी डॉक्टर की तैनाती नहीं है, बाद में फोन पर जानकारी देते हुए उन्होंने केंद्र पर विवेक राठी नाम के डॉक्टर की तैनाती होना बताया । ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से स्वास्थ्य केंद्र की सफाई और नियमित रूप से डॉक्टर की तैनाती की मांग की है।




