Slide 1
Slide 1
क्राइमफतेहपुर

फतेहपुर : अधिवक्ता की हत्या से आक्रोश, वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर किया रोड जाम

शिबू खान
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के महर्षि रोड पर अधिवक्ता एवं जमींदार जयराम मानसिंह की गला रेतकर की गई हत्या से अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में गुरुवार को अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार करते हुए शहर के मुख्य चौराहे पर रोड जाम कर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
अधिवक्ताओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पहुंचे। अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को जानकारी दी कि घटना में शामिल मृतक के मुंशी अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य संलिप्त आरोपियों की भी शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ। गौरतलब है कि बुधवार शाम महर्षि रोड स्थित बाग में अधिवक्ता जयराम मानसिंह का शव गला कटा हुआ पाया गया था। बताया जा रहा है कि मृतक सैकड़ों बीघा जमीन के मालिक थे और लगभग 100 बीघा बेशकीमती जमीन बेचने की तैयारी में थे, जिसकी कीमत करीब 300 करोड़ रुपये बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे अंकित नामक व्यक्ति उन्हें महर्षि विद्या मंदिर के पास स्थित बाग में लेकर गया था। कुछ समय बाद अंकित ने परिजनों को फोन कर बताया कि जयराम मानसिंह से संपर्क नहीं हो पा रहा है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका शव बाग में पड़ा मिला, जिसके गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। देर रात एडीजी और आईजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button