देवरिया : स्कूल वाहन में लगी आग, बड़ा हादसा टला

असगर अली
देवरिया। जनपद में सलेमपुर तहसील क्षेत्र के भठवा धरमपुर स्थित आरके सेंट्रल एकेडमी स्कूल का यह वाहन सुबह बच्चों को लेने के लिए मझौलीराज कस्बे की ओर जा रहा था। उस समय वाहन में दो शिक्षिकाएं, तीन छोटे बच्चे और एक चालक मौजूद थे। वाहन जैसे ही मझौलीराज के भरौली वार्ड नंबर 11 के समीप पहुंचा, उसमें से जलने की गंध आने लगी। चालक ने स्थिति भांपते हुए तत्काल सूझबूझ दिखाई और वाहन रोककर सभी बच्चों व शिक्षिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।सभी के बाहर निकलने के कुछ ही क्षण बाद वाहन में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और वाहन में एक धमाका भी हुआ। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों से आग बुझाने का कोशिश किया, लेकिन आग इतनी भयानक रूप ले लिया था कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर राख हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। आग लगने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। सभी बच्चे और शिक्षिकाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी नियमित तकनीकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि ज्यादातर स्कूल वाहन की कंडीशन अच्छी नहीं होती और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है।




