देवरिया : दूल्हा डोली में, बाराती बैलगाड़ियों से पहुंचे दुल्हन के घर

असगर अली/ब्यूरो चीफ,देवरिया। जनपद के भागलपुर कस्बे से एक अनोखी बारात निकाली गई। इसमें दूल्हा डोली में सवार होकर निकला, जबकि बाराती बैलगाड़ियों से दुल्हन के घर पहुंचे। यह बारात आधुनिक शादियों के चलन से हटकर पुरानी परंपराओं की याद दिला गई। भागलपुर निवासी सेवानिवृत्त सेना जवान वीरेंद्र यादव ने अपने बड़े बेटे अभिषेक यादव की शादी सलेमपुर क्षेत्र के चांदपाली गांव निवासी अवधेश यादव की पुत्री से तय की थी। वीरेंद्र यादव ने बेटे की शादी को यादगार बनाने और पुरानी परंपरा को जीवित रखने का फैसला किया।इस अनोखी बारात के लिए दूल्हे की डोली लार क्षेत्र के धकपुरा गांव से मंगाई गई थी। बारातियों के लिए लगभग 15 बैलगाड़ियों का इंतजाम किया गया, जिन्हें भागलपुर, लार और बेल्थरा सहित आसपास के कई गांवों से जुटाया गया था। यह बारात पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ियों के साथ चांदपलिया गांव के लिए रवाना हुई। दूल्हा डोली में बैठकर दुल्हन के घर पहुंचा। सड़कों से गुजरते ही इस बारात को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रास्ते में जगह-जगह लोग इस चकाचौंध जुग के अनोखी दृश्य देखते रहे और मोबाइल से तस्वीरें व वीडियो भी बनाए।वीरेंद्र यादव ने बताया कि आजकल लोग गाड़ियों और हेलीकॉप्टर से भी बारात ले जाते हैं, लेकिन डोली में बैठने का अवसर जीवन में केवल एक बार, शादी के समय ही मिलता है। उन्होंने अपनी आने वाली पीढ़ियों को इस परंपरा से परिचित कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया। इस अनोखी बारात की चर्चा क्षेत्र में हर जुबान पर हो रही है।



