देवरिया: मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही पर दो बीएलओ खिलाफ हुई कार्रवाई

असगर अली
देवरिया। जनपद के विधान सभा क्षेत्र सलेमपुर में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लापरवाही बरतने पर कई बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उप जिला मजिस्ट्रेट, सलेमपुर/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने इन बीएलओ का एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी किया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू की गई है। यह कार्रवाई मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के कार्यालय पत्र संख्या-1074/सी0ई0ओ0-04-24/4-2023 दिनांक 11 सितंबर, 2025 के क्रम में चल रहे निर्वाचक नामावली से संबंधित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य के दौरान की गई है। बीएलओ को मतदाताओं से गणना प्रपत्र एकत्र कर उन्हें बीएलओ ऐप पर फीड करना था।अधिकारियों के अनुसार, पिछले 12 दिनों से फीडिंग का कार्य चल रहा था, लेकिन 28 नवंबर, 2025 को सुबह 10 बजे तक मात्र 30 प्रतिशत से कम गणना प्रपत्र ही बीएलओ द्वारा ऐप पर दर्ज किए गए थे। संबंधित एईआरओ और सुपरवाइजरों द्वारा बार-बार कार्य की प्रगति के संबंध में अवगत कराने के बावजूद भी अपेक्षित कार्य नहीं किया गया। बूथ भ्रमण के दौरान संबंधित एईआरओ द्वारा प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद भी बीएलओ द्वारा कोई सुधार नहीं किया गया। सुपरवाइजर और एईआरओ की रिपोर्ट के आधार पर यह पाया गया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है। उप जिला मजिस्ट्रेट द्वारा बार-बार निर्देश देने के बाद भी उनकी प्रगति में कोई सुधार नहीं हुआ, जो एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही का स्पष्ट संकेत है।इस आदेश में लार ब्लॉक के बूथ संख्या 234, उ०प्र० वि० भरौली के सहायक अध्यापक सूर्यप्रकाश और बूथ संख्या 251, उ०प्र०वि० कुण्डौली के सहायक अध्यापक अशोक कुमार सिंह बीएलओ के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। इस आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी देवरिया, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उप जिला निर्वाचन अधिकारी, संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी, संबंधित एईआरओ विधानसभा क्षेत्र-341 सलेमपुर और संबंधित कर्मचारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है




