देवरिया : बनकटा पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर गिरफ्तार,आरोपी के पैर में लगी गोली

असगर अली
देवरिया। जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह पुलिस और एक शातिर पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई।अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बनकटा पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 11 गौवंशीय पशु बरामद किए थे। इस दौरान पुलिस ने दिलीप सोनकर पुत्र छोटे लाल सोनकर, निवासी परसिया करकटही, थाना खुखुंदू, जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया था।उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए थे। बुधवार की सुबह आरोपी को पेट दर्द की शिकायत के बाद इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था। इसी दौरान दास नरहिया मोड़ के पास आरोपी ने फ्रेश होने का बहाना बनाकर वाहन से उतरने के बाद अचानक उपनिरीक्षक की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायर झोंक दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल तस्कर को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच अभियान तेज कर दिया गया है।




