Slide 1
Slide 1
देवरिया

देवरिया : पेट्रोल टैंकर और ट्रक के आमने-सामने टक्कर में चालक-क्लीनर की मौत

असगर अली / देवरिया। जनपद के भाटपार रानी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात एक सड़क हादसे में पेट्रोल टैंकर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टैंकर चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, बैतालपुर स्थित भारत पेट्रोलियम डिपो से पेट्रोल लेकर एक टैंकर बिहार के सिवान जिले की ओर जा रहा था। सलेमपुर-मैरवा मार्ग पर भाटपार रानी क्षेत्र के फुलवरिया चौराहे के करीब टैंकर पहले एक पिकअप से टकराया। इसके बाद अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और क्लीनर अंदर ही फंस गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। भाटपार रानी पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।मृतकों की पहचान चालक कमलेश प्रसाद (22) और क्लीनर अजय प्रसाद (23) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन देवरिया के लिए रवाना हो चुके थे।हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button