गाजीपुर : चंदन सिंह हत्याकांड में आखिरी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

गहमर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
संवाददाता, विवेकानंद राय/ गाज़ीपुर । थाना गहमर क्षेत्र के ग्राम सायर स्थित महादेव घाट पर हुई चंदन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आखिरी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में नामजद छह अभियुक्तों में से अब तक पांच की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि फरार चल रहे छठे और आखिरी अभियुक्त को भी शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, थाना गहमर में दर्ज मु0अ0सं0 182/2026, धारा 103(1) व 3(5) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त श्रीनाथ पाण्डेय उर्फ मुन्ना पाण्डेय, पुत्र स्वर्गीय रामदेव पाण्डेय, निवासी ग्राम सम्भल राय पट्टी थाना गहमर, हाल पता ग्राम सायर डेरा थाना गहमर, उम्र करीब 60 वर्ष को मुखबिर की सूचना पर नरवाघाट, गहमर के पास से गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी मय हमराह पुलिस टीम को अभियुक्त की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के साथ ही चंदन सिंह हत्याकांड में नामजद सभी छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी एवं थाना गहमर के पुलिसकर्मी शामिल रहे ।




