आगरा: पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग

10 बाइक,2 ट्रैक्टर,1 अवैध हथियार सहित 3 गिरफ्तार
आकाश वर्मा
आगरा। थाना शमशाबाद पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी को एक बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर इरादतनगर तिराहा से दबिश देकर पुलिस ने एक संगठित अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने मौके से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, दो ट्रैक्टर और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। करीब 20 लाख रुपये मूल्य के इन वाहनों के साथ तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी हीरा सिंह निवासी राजस्थान फरार है, जिसकी तलाश जारी है। डीसीपी पूर्वी अली अब्बास ने बताया कि बरामद वाहनों में पल्सर और बुलेट बाइक शामिल हैं जिन्हें फिरोजाबाद और धिमिश्री क्षेत्र से चुराया गया था। ट्रैक्टर और अन्य बाइकें भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। इस गिरोह के सदस्य मुख्यतः फतेहाबाद, इरादतनगर और गढ़ी उदयराज क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मानवेंद्र सिंह पुत्र उत्तम सिंह, विजय सिंह पुत्र महेश चंद्र व मुराद खान पुत्र वहिद खान है।
वही पुलिस टीम द्वारा बरामदा मोटरसाइकिल के बारे में पूछने पर अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि अभियुक्तगण ने पल्सर मोटरसाइकिल को दिनाँक 03/06/2025 को धिमश्री के पास से चोरी किया था व बुलेट मोटरसाइकिल (नम्बर UP80EK9087) को फिरोजाबाद से दो माह पूर्व चोरी किया था। उक्त तीनों अभियुक्तगण मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते है एवं राजस्थान में बेच देते है। जिनके द्वारा बताया गया कि इनका एक साथी हीरा सिंह पुत्र अजब सिंह निवासी राजाखेड़ा धौलपुर राजस्थान जिसके साथ मिलकर अभियुक्तगण ने ट्रैक्टर व बाइक चोरी कर रखे है। जिन्हे धुलाई सेन्टर मधुपुर के पीछे झाड़ झंखाड़ में छिपा रखी है। और बताया कि हम सब मिलकर मोटरसाइकिलो को चोरी करके बेचने के उद्देश्य से यहां पर छिपाता हूँ। ग्राहक मिलने पर चोरी छिपे गाड़ियो को अभियुक्तगण द्वारा बेच दिया जाता हैं।




