
तारा त्रिपाठी/ ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर । पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना कोतवाली कटरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने फर्जी/कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भारत में अवैध रूप से निवास कर रहे चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में 06 अप्रैल 2026 को रेलवे स्टेशन मीरजापुर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. सबूज हुसैन निवासी जिला ठाकुरगांव, रंगपुर (बांग्लादेश) बताया। उसके निशानदेही पर डगमगपुर पड़री स्थित पी.के. क्रेशर प्लांट से तीन अन्य व्यक्तियों—सब्बीर हुसैन, नरेशदास एवं जयदास—को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी अभियुक्त बांग्लादेश से दलाल के माध्यम से अवैध रूप से सीमा पार कर पश्चिम बंगाल पहुंचे और वहां से विभिन्न स्थानों होते हुए मीरजापुर आए। यहां इन्होंने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर क्रेशर प्लांट पर कार्य करना शुरू किया। जांच में सामने आया कि दो अभियुक्तों ने बिहार के पते पर फर्जी आधार कार्ड एवं पैन कार्ड भी बनवा लिए थे।



