
आईआईवीआर की समीक्षा बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री के उद्गार
सुशील कुमार मिश्र/ वाराणसी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वाराणसी में सब्जी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों के साथ समीक्षा बैठक करने के साथ ही वैज्ञानिकों को विकसित कृषि संकल्प अभियान को आगे बढ़ने और किसानों के साथ संवाद को तीव्र गति देने की बात कही। उन्होंने देश भर में चलाए गए विकसित कृषि संकल्प अभियान की सफलता की प्रशंसा की और कहा कि देश में खाद्यान उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है और उसकी गुणवत्ता तथा किसानों तक इसका लाभ पहुँचाने की आवश्यकता है। उन्होंने सब्जी उत्पादन बढ़ाने के लिए जीनोम एडिटिंग, बीज उपचार, जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती के लाभ की किसानों तक पहुंचाने की बात कही। साथ ही नकली खाद, अमानक बीज एवं पेस्टिसाइड जैसी समस्याओं से किसानों को निजात दिलाने के लिए कार्ययोजना बनाये जाने की बात कही। देश में 16 हजार कृषि वैज्ञानिक हैं जो शोध करते हैं और उन्नत क्वालिटी के बीज तैयार करते हैं।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत संस्थान के वैज्ञानिकों ने 6 जनपदों में 825 गांवों के 61109 किसानों से संवाद किया। साथ ही आईसीएआर के सहायक महानिदेशक डॉ सुधाकर पांडेय ने संस्थान की गतिविधियों पर संक्षिप्त जानकारी दी। मंत्री ने आगामी रबी सत्र के लिए क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया और कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती को देखते हुए सब्जी उत्पादन प्रणाली में अधिक लचीलापन लाना होगा। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्रों और शोध संस्थानों के मध्य समन्वय का एक प्रभावी माध्यम बताते हुए किसानों तक तकनीक हस्तांतरण की गति तेज करने पर बल दिया। सभागार मेंआईआईवीआर के वैज्ञानिको एवं अधिकारियों के साथ राज्य के कृषि विभाग एवं केवीके के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




