बलिया:कुशवाहा महासभा में हो महिला विंग का गठन: मंजू

— बड़ेलाल मौर्य की अध्यक्षता में हुई जिला कुशवाहा महासभा की बैठक
बलिया। परिखरा स्थित जिला कुशवाहा भवन में रविवार की दोपहर एक बजे जिला कुशवाहा महासभा की बैठक जिलाध्यक्ष बड़ेलाल मौर्या की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान संगठन में महिलाओं के हक में वरिष्ठ महिला सदस्य मंजू कुशवाहा ने दो सूत्रीय प्रस्ताव रखा। मंजू कुशवाहा ने कहा कि जिला कुशवाहा महासभा का कार्यकाल तीन साल से बढ़ाकर पांच साल किया जाए। चूंकि भारत में जो भी चुनाव कराए जाते हैं, उसका कार्यकाल पांच वर्ष का ही होता है। मसलन लोकसभा, विधानसभा, जिला पंचायत, नगर पंचायत या फिर ग्राम पंचायत का ही चुनाव क्यों न हो। कुशवाहा महासभा का रजिस्ट्रेशन भी पांच साल के लिए होता है। लेकिन चुनाव तीन वर्ष के लिए कराया जाता है, जो कि तर्कसंगत नहीं है। वहीं तीन साल में चुनाव होने पर पैसे का अपव्यय भी होता है।
अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि देशभर में राजनीतिक पार्टियां एवं जातीय संगठन महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए महिला विंग का गठन किया है। मैं कार्यकारिणी से अनुरोध करती हूं कि इस तरह की पहल किया जाना चाहिए। अगर कुशवाहा महासभा के संविधान में भी संशोधन करना पड़े तो इसमें भी संशोधन करके महिला कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों का गठन किया जाए। इस मौके पर बालजीत वर्मा, अखिलेश वर्मा, डॉ.आरएन मौर्य, ईश्वर दयाल आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट -तिलक कुमार




