देवरिया:नवागत पुलिस अधीक्षक ने कार्यभार किया ग्रहण

असगर अली
देवरिया। नवागत पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताएं मीडिया से साझा की।नए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में पशु तस्करी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह जनपद बिहार सीमा से सटे होने के कारण शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष नजर रखी जाएगी। जनसुनवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा। लंबित जांच का समय पर निपटारा किया जाएगा। महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही जिले में यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां की भौगोलिक स्थिति को समझा जाएगा। तस्करी रोकने के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा। इन टीमों को प्रशिक्षण देकर सीमा पर तैनात किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों से संवाद कर पुलिस कार्यप्रणाली को पारदर्शी और संवेदनशील बनाया जाएगा।2014 बैच के आईपीएस अधिकारी संजीव सुमन बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले हैं। आईआईटी रुड़की से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने के बाद डेढ़ वर्ष तक बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर रहे।आईएएस की तैयारी के दौरान यूपीएससी में सफलता पाकर आईपीएस बने।बुलंदशहर, आजमगढ़,बागपत,कानपुर,हापुड़,लखनऊ और अलीगढ़ में विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।




