आज़मगढ़ में छठ पूजा : तमसा नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं ने सूर्य को दिया अर्घ्य

गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़ । लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार की शाम तमसा नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। घाटों पर सुबह से तैयारियां शुरू हो गई थीं। जैसे-जैसे शाम करीब आई, व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। पारंपरिक छठ गीतों, पूजा-अर्चना और आतिशबाजी से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। शहर के गौरीशंकर घाट, कदम घाट, सिधारी घाट, हरबंशपुर घाट, गोदाम घाट, मोहटी घाट, दलाल घाट, आत्मा घाट, पंचपेड़वा, भोला घाट, एकलव्य घाट सहित तमसा नदी के अन्य घाटों पर भी व्रती महिलाओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके अलावा शहर के अलग-अलग सरोवरों और चाटों पर बनाए गए विशेष जलकुंडों में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। गन्ना, नारियल, ठेकुआ और विभिन्न प्रकार के मौसमी फलों से सजे दउरा और सूप लेकर महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाटों तक पहुंचीं। नदी और जलकुंडों में खड़े होकर उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।



