Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की सख्ती, चला विशेष चेकिंग अभियान

गाजीपुर। जनपद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने सोमवार को पूरे जनपद में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और एक ही बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के निर्देश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर एवं ग्रामीण) तथा समस्त क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में शाम 4 बजे से 6 बजे तक जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, तिराहों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस टीमों ने सघन वाहन चेकिंग की। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को रोककर उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। इसके साथ ही संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों तथा आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए कुछ वाहनों को सीज भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अभियान में शामिल सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वाहन चेकिंग के दौरान आम नागरिकों के साथ शालीनता और संवेदनशीलता का व्यवहार किया जाए। किसी भी परीक्षार्थी, परिवार के साथ यात्रा कर रहे व्यक्ति अथवा आम राहगीर को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

  पुलिस की आमजन से अपील

गाजीपुर पुलिस ने जनपदवासियों और विशेषकर युवा वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय मानक ISI मार्क वाला हेलमेट पहनें, ट्रिपल राइडिंग से बचें तथा वाहन के सभी आवश्यक कागजात साथ रखें। याद रखें, यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। सड़क सुरक्षा अपनाएं, जीवन बचाएं।

जिला संवाददाता – विवेकानंद राय
गाजीपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button