मिर्जापुर : चौरासी लाख योनियों के बाद मिले मानव शरीर को व्यर्थ न जाने दें-पंकज महराज

संवाददाता, मिर्जापुर। जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज महराज ने मीरजापुर जनपद में अपने 108 सत्संग पड़ाव के 89वें पड़ाव में आज अहरौरा के खास डीह में सत्संग सुनाते हुए कहा कि चौरासी लाख योनियों के बाद मिले मानव शरीर को व्यर्थ में न जाने दें। सुमिरन, ध्यान, भजन करके मानव तन में उतारी गई जीवात्मा का कल्याण कर लें। यह शरीर किराये का मकान है। सासों की पूजी समाप्त होने पर इसे खाली करा ली जायेगी। इस मानव शरीर से ही निज धाम जाने का रास्ता है। यदि इस बार भी भजन करके जीवात्मा के ऊपर लदे कर्मों की सफाई नहीं कराये तो फिर चौरासी लाख योनियों में भटकना पड़ेगा। इसके लिए किसी महात्मा की शरण लेनी पड़ेगी। समय के आला फकीर बाबा जय गुरुदेव जी महराज ने जीवात्मा के कल्याण की सही मार्ग बताया है। उन्हीं के बताये मार्ग पर चलकर जीवन मरण के बंधन से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने हमें रास्ता बताया और कहा कि” हम आये उस देश से जहां तुम्हारो धाम, तुमको घर पहुचावना एक हमारो काम “।पंकज महराज ने सत्संग सुनाते हुए कहा कि धर्म का काम बांटना नहीं जोड़ना है। संत जातिवादी नहीं बल्कि मानववादी होते हैं। धर्म का काम मानवता पैदा करना, संस्कार पैदा करना है। आपने कहा कि जैसा खाये अन्न वैसा होवे मन। खान पान का बड़ा असर पड़ता है। आपने लोगों को शाकाहारी होने का संदेश दिया और नशा से बचने को कहा।
सुबह दस बजे से प्रारम्भ सत्संग में भारी संख्या में सत्संग प्रेमी जुटे और अंत तक सत्संग स्थल पर डटे रहे। सत्संग में भारी संख्या में महिलाओं की भी उपस्थिति रही। सत्संग के बाद पंकज महराज ने 17दिसम्बर से 21दिसम्बर तक मथूरा में होने वाले दादा गुरु के भण्डारे में सभी गुरू भाई बहनों को उपस्थित होने का आमंत्रण दिया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, नगर अध्यक्ष रामजी चौहान, नीरज मौर्य, रामविलास गुप्ता, प्रमोद केशरी, संगठन मंत्री व प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, हेमशंकर पटेल, वैरागीराम राठिया, हरेन्द्र प्रसाद उपस्थित रहे। इसके बाद पंकज महराज का काफिला अपने 90वें सत्संग के लिए ग्राम मदारपुर के लिए प्रस्थान कर गया।



