Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर

50 लाख से अधिक की विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के जिलाधिकारी के निर्देश

गाजीपुर । जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन एवं संचालित विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों की भौतिक प्रगति के साथ ही जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर आमजन में जागरूकता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सड़कों की खुदाई को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि उनकी अनुमति के बिना जनपद में कहीं भी सड़क नहीं खोदी जाएगी। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में सड़क की खुदाई आवश्यक हो तो नियमानुसार पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। साथ ही खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत भी तत्काल एवं पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित कराई जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी चार्ज अधिकारियों को नियमित रूप से रिपोर्टिंग करने तथा प्रभावी कार्ययोजना बनाकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि वे स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर एस.ई. आईडी (SE ID) जनरेट कर सकें।
उन्होंने बताया कि 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के बीच जब प्रगणक (इन्यूमरेटर) घर-घर पहुंचेंगे, उस दौरान नागरिक अपनी जनरेट की गई एस.ई. आईडी उपलब्ध करा सकेंगे। इससे स्व-गणना प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला संवाददाता विवेकानंद राय
गाज़ीपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button