गाजीपुर : विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, लगाया वट वृक्ष का पौध

चंद्र मोहन तिवारी /गाजीपुर । वन विभाग के रेंजर जय शंकर वर्मा ने बच्चों को बताया पौधों के संरक्षण का महत्व, सेवानिवृत्त सैनिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी किया पौधारोपण। जमानियां क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचोखर स्थित श्री बापू विद्यालय हाईस्कूल में शुक्रवार को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जमानियां वन विभाग के रेंजर जय शंकर वर्मा, वन अधिकारी रविकांत एवं उनकी टीम ने विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाओं, छात्र, छात्राओं, सेवानिवृत्त सैनिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेंजर जय शंकर वर्मा ने विद्यार्थियों को पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की आवश्यकता समझायी। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार एक बच्चे को जन्म से वयस्क होने तक देखभाल की जरूरत होती है, उसी प्रकार एक पौधे को वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल की आवश्यकता होती है। पौधा लगाकर तस्वीर खिंचवाना आसान है, लेकिन उसे वृक्ष बनाना वास्तविक जिम्मेदारी है। वर्षों की देखभाल के बाद ही वृक्ष हमें शुद्ध हवा, फल, फूल और छाया प्रदान करते हैं। उन्होंने फुल्ली से भरवलिया तक नहर किनारे लगाए गए पौधों के संरक्षण में ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना भी की। प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संतुलन में पेड़ों की उपयोगिता बताते हुए विद्यालय परिसर में वट वृक्ष का पौध रोपित किया। उन्होंने बताया कि यह पौधा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक वट वृक्ष की स्मृति एवं प्रेरणा से लगाया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में यह विद्यालय शिक्षा एवं ज्ञान का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर क्षेत्रीय और राज्य स्तरीय पहचान स्थापित करेगा। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर निभायी जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामवासियों को मिलकर आगे आना होगा। इस अवसर पर हरिशंकर, ओम प्रकाश पाल, आसिफ अंसारी, पुनीत कुमार, कमलाकर शर्मा, बृजेश, नारद जी, पंकज कुमार, प्रदीप ठाकुर, विनय राय, आदित्य पटेल, मैनेजर सिंह, श्याम सुंदर गुप्ता, अशोक कुमार पाण्डेय, इंजीनियर पुष्कर त्रिपाठी सहित विद्यालय के शिक्षक, सेवानिवृत्त सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।




