Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर: जयंती पर विवेकी राय की पुस्तक गाँवों की दुनिया का लोकार्पण

103वीं जयंती मनी

गाजीपुर। नगर के बड़ीबाग स्थित डाॅ.विवेकी राय स्मृति न्यास के तत्वावधान में डॉ. विवेकी राय के आवास  ‘गंवई गंध गुलाब’ पर उनकी 103वीं  जयंती मनाई गई । इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी सहजानंद पी.जी. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं प्रख्यात साहित्यकार डाॅ. मांधाता राय ने एवं संचालन डी.ए.वी. इंटर कॉलेज  के प्राध्यापक डॉ.संतोष कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर डाॅ विवेकी राय की पुस्तक ‘गाँवों की दुनिया’ का लोकार्पण किया गया। हिंदी के पूर्व अध्यापक डॉ. व्यासमुनि राय ने कहा कि डॉ. विवेकी  राय ने नाटक को छोड़कर लगभग साहित्य की हर की हर विधा पर लेखन किया। वह एक श्रेष्ठ ललित निबंधकार थे। इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए शिक्षिका व साहित्यकार डाॅ.ॠचा राय ने कहा कि विवेकी राय  ने लगभग 85 ग्रन्थों की रचना की। सोना माटी एक आंचलिक उपन्यास है। इसमें गांव के मिट्टी की सोंधी गंध है। साहित्य चेतना समाज के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने कहा कि हमारी संस्था वर्ष 2003 में उन्हें ‘गाजीपुर गौरव’ सम्मान से सम्मानित कर स्वयं गौरवान्वित हुई है। सम्मान ग्रहण करने के बाद अपने उद्बोधन में डॉ.विवेकी राय ने कहा था कि मैं तीन राष्ट्रपतियों से सम्मानित हूँ लेकिन अपनों के बीच अपनों द्वारा मिला यह सम्मान सबसे बड़ा है। वरिष्ठ अधिवक्ता व पत्रकार शेषनाथ राय ने कहा कि डॉ.विवेकी राय एक श्रेष्ठ साहित्यकार होने के साथ-साथ एक श्रेष्ठ इंसान भी थे। कार्यक्रम के अध्यक्ष साहित्यकार डाॅ.मांधाता राय ने कहा कि डॉ. विवेकी राय के साहित्य को डॉ.नामवर सिंह प्रेमचंद की परंपरा का साहित्य मानते थे। वह एक निश्चल व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे । उन्होंने जीवन में बहुत संघर्ष किया था उनकी सदाशयता देखने लायक थी। 
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में कवि-गोष्ठी में कवियों-शायरों ने अपनी रचनाएँ सुनाकर श्रोताओं को रससिक्त कर दिया। कुमार नागेश ने ‘आँखों से जो छलक पड़े,खामोश जुबानी है/ बूँद-बूँद बीते लम्हों की तर्जुमानी है’ सुनाकर सभी को प्रभावित किया।युवा शायर गोपाल गौरव ने ‘राहे वफा से गुजरना पड़ेगा/मुहब्बत करोगे तो मरना पड़ेगा’ सुनाकर खूब तालियाँ बटोरी। हण्टर गाजीपुरी ने ‘रात दिन लिखने में मसरूफ रहते थे/शाम को रोज टहलते थे विवेकी राय’ सुनाकर उनके व्यक्तित्व का चित्रण किया। आशुतोष श्रीवास्तव ने ‘मक्खनबाजी से घपलेबाजी तक सब हुनर रखते हैं/ये चमचे हैं साहब हर बात की खबर रखते हैं’ सुनाकर आनन्दित किया।वरिष्ठ व्यंग्यकार अमरनाथ तिवारी अमर ने ‘करूँगा अनशन, प्रदर्शन और फर्जी बवाल/समय-समय पर चलूँगा दल-बदल की चाल’ सुनाकर राजनीतिक गिरावट पर चिंता व्यक्त की।बादशाह राही ने ‘ये हकीकत है कोई ख्वाब नहीं/मेरे महबूब का जवाब नहीं’ सुनाकर खूब तालियाँ बटोरीं।ओज कवि दिनेश चन्द्र शर्मा ने ‘लेगा जमाना खून की एक-एक बूँद का बदला/कातिल को कत्लेआम से थकने तो दीजिए’ सुनाकर अतीव प्रशंसा अर्जित की।इसके अतिरिक्त डाॅ.ॠचा राय, डाॅ.शशांक शेखर पाण्डेय आदि ने भी काव्य-पाठ किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नीरज राय, डाॅ.रामाश्रय राय, डाॅ.अरविन्द, संजीव राय, पूनम सिंह, गीता सिंह, रमाशंकर राय, अन्नपूर्णा तिवारी, विजय शंकर राय, राजेश राय, संतोष राय, तन्मय राय, अनिल कुमार यादव आदि उपस्थित थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन न्यास की अध्यक्ष डाॅ.विनीता राय ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।
               

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button