गाजीपुर : शेरपुर कलां की वैष्णवी महाराष्ट्र में बिखेरेंगी जलवा, यूपी अंडर-14 वॉलीबॉल टीम में चयन

त्रिलोकी नाथ राय / मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। इसी क्रम में मुहम्मदाबाद तहसील के शेरपुर कलां गांव की होनहार बालिका वैष्णवी राय ने वॉलीबॉल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी धनंजय राय की पुत्री वैष्णवी का उत्तर प्रदेश की अंडर-14 बालिका वॉलीबॉल टीम में चयन हुआ है। वह टीम में लिफ्टर की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के बाद केपी कॉलेज, प्रयागराज में उत्तर प्रदेश की चयनित 14 बालिका खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक और खेल कौशल का आकलन करने के बाद महाराष्ट्र के शिरडी (अहिल्यानगर) में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए 12 बालिकाओं का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में वैष्णवी राय ने भी अपनी जगह सुनिश्चित की। महाराष्ट्र के शिरडी (अहिल्यानगर) में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश की टीम रवाना हो गई है। वैष्णवी का चयन उनके परिवार के साथ ही शेरपुर कलां गांव और पूरे गाजीपुर जनपद के लिए गौरव की बात है। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही खेल प्रेमियों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोगों ने उम्मीद जताई कि वैष्णवी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करेंगी।
ग्रामीण परिवेश की बेटी की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। मेहनत, लगन और उचित मार्गदर्शन से गांव की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।



