लखनऊ : 25 दिसंबर से शुरू होगा अटल रसोई- के के शुक्ला

लखनऊ ब्यूरो । पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिन 25 दिसंबर से अटल रसोई की शुरुआत होगी। लखनऊ के बाद प्रदेश के महानगरों में व उसके बाद प्रत्येक जिले में यह शुरू किया जाएगा। इस योजना के तहत गरीब मजदूरों को भोजन कराया जाएगा। यह जानकारी अटल बिहारी दीनदयाल मिशन ट्रस्ट की बैठक में इसके राष्ट्रीय संयोजक व भाजपा के अति वरिष्ठ नेता के के शुक्ला ने दी। प्रदेश भर से आए तमाम गणमान्य लोगों की उपस्थिति में यह बैठक रिवर बैंक कॉलोनी में आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व विधायक उदयभान करवरिया, हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश राघवेंद्र कुमार, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश जी, आलोक भट्ट जी सहित ट्रस्ट के कई लोंगो को पदाधिकारी बनाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में सदस्यता बढ़ाने व लीगल अवेयरनेस के लिए एक कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद संयोजक श्री शुक्ला ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय के प्रणेता थे। समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही जीवन का लक्ष्य था। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का जो विचार देश को दिया, उसका मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना था। उनका मानना था कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब विकास की रोशनी समाज के सबसे गरीब, वंचित और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। इसी को लेकर इस ट्रस्ट की स्थापना की गई है।
श्री शुक्ल ने बताया कि एकात्म मानववाद के प्रणेता दीनदयाल उपाध्याय का विचार था कि आर्थिक और सामाजिक विकास का लाभ केवल संपन्न वर्ग तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए। अंत्योदय की यही भावना आज भी भारतीय राजनीति और विकास की नीतियों के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शक बनी हुई है। अंत्योदय केवल गरीबी दूर करने का विचार नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, आत्मनिर्भरता और मानवीय गरिमा स्थापित करने का संकल्प है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का यह दर्शन आज भी इस संदेश के साथ प्रासंगिक है कि राष्ट्र का उत्थान तभी सार्थक है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति का भी उत्थान हो। इस विचारधारा को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी भी चलते थे। इस ट्रस्ट से अटल जी व दीनदयाल जी को चाहने वाले देश भर के तमाम लोग जुड़े हैं। आगामी माह में ट्रस्ट की बैठक दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें देश भर के उनके चाहने वाले भाग लेंगे।



