पड़ोसी प्रथमः भूटान की विकास परियोजनाओं के लिए भारत ने दिए 61 करोड़ रुपये

थिम्पू। भारत ने अपनी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और हिमालयी मित्र राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को एक बार फिर साकार करते हुए भूटान के विकास को नई गति दी है। भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना के तहत द्विपक्षीय विकास सहयोग को लेकर थिम्पू में भारतीय दूतावास और भूटान सरकार के बीच 20वीं मासिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में थिम्पू स्थित भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। बैठक के दौरान भारत और भूटान के बीच द्विपक्षीय विकास सहयोग के अंतर्गत चल रही विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर भारत सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप, भारतीय पक्ष ने भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना के तहत विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 61.36 करोड़ रुपये के चेक भूटान सरकार को सौंपे। यह वित्तीय सहायता दोनों देशों के बीच गहरे आपसी विश्वास, ऐतिहासिक मैत्री और साझा समृद्धि के दृष्टिकोण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
थिम्पू स्थित भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा भारत द्वारा दी गई इस राशि का उपयोग भूटान के समग्र और सतत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से भूटान में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं का विस्तार, आपदा प्रबंधन को मजबूत करने हेतु नेशनल इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर का निर्माण एवं संचालन, देश के दूरदराज के इलाकों को जोड़ने के लिए सड़क निर्माण और कृषि क्षेत्र को समृद्ध करने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विकास शामिल है। विदेश नीति के जानकारों का मानना है कि भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति केवल एक कूटनीतिक नारा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर पड़ोसी देशों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान का एक प्रभावी मॉडल है। भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना में भारत का यह निरंतर और समयबद्ध वित्तीय सहयोग न केवल भूटान को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने में मदद कर रहा है, बल्कि दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय स्थिरता और पारस्परिक सहयोग की एक नई मिसाल भी पेश कर रहा है।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)



