आजमगढ़ : पंचायत चुनाव और जनसुनवाई को लेकर आजाद अधिकार सेना का हमला

गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़। आजाद अधिकार सेना की जिला इकाई ने प्रदेश में समय से पंचायत चुनाव न कराए जाने और जनसमस्याओं के निस्तारण में हो रही लीपापोती को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्य सचिव और राज्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो चुका है, लेकिन चुनाव न कराकर अनिश्चितकाल के लिए प्रशासक व्यवस्था थोप दी गई है। पार्टी ने मांग की कि चुनाव में हुई देरी की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो और समयबद्ध चुनाव की घोषणा की जाए। वही पार्टी की जिला प्रभारी महिला प्रकोष्ठ मीना राय ने स्थानीय जनसुनवाई की जमीनी हकीकत पर सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि जिलाधिकारी द्वारा प्रतिदिन शिकायतों के गुणवत्तापूर्वक निस्तारण के निर्देश दिए जाने के बावजूद धरातल पर इनका पालन नहीं हो रहा है। ऊपर से नीचे तक की प्रशासनिक सांठगांठ के चलते जांच के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है और कागजों पर ही निस्तारण दिखाकर इतिश्री कर ली जाती है। इस अवसर पर आजाद अधिकार सेना के जिला प्रभारी नन्दसेन सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुनील चौधरी, बद्री सिंह, रवि सिंह, मांधाता त्रिपाठी, हेमलता राय और फिरतू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



