Slide 1
Slide 1
मऊ

मऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के शर्मा ने जिला सहकारी बैंक के नवीन भवन का किया उद्घाटन

कहा पूर्व सरकारों ने सहकारिता की उपेक्षा की, पीएम मोदी ने दिया नया जीवन, किसानों को वितरित किए किसान क्रेडिट कार्ड, वैज्ञानिक हिमांशु वर्मा को भी किया सम्मानित

मऊ । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने जिला सहकारी बैंक की मधुबन शाखा के नवीन भवन का सोमवार को उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नवीन भवन के निर्माण पर सभी क्षेत्रवासियों, बैंक प्रबंधन और सहकारी समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यदि पिछले 70 वर्षों में शासन करने वालों ने सहकारी बैंकों और समितियों की चिंता की होती, तो ऐसे आधुनिक भवन बहुत पहले बन चुके होते । कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सहकारिता क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश में पहली बार सहकारिता मंत्रालय का गठन कर “सहकारिता से समृद्धि” का संकल्प दिया। इसी सोच का परिणाम है कि आज सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण, गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि सामूहिकता और सहयोग की भावना से बड़े से बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है तथा यह नवीन भवन भी सामूहिक प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।इस अवसर पर उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए । मंत्री श्री शर्मा ने सहकारी घोसी चीनी मिल के संबंध में कहा कि सरकार इस विषय पर तात्कालिक और दीर्घकालिक, दोनों स्तरों पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी पेराई सत्र को निर्बाध रूप से संचालित रखने के लिए लगभग 5 से 6 करोड़ रुपए की व्यवस्था किए जाने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। वहीं दीर्घकालिक योजना के तहत केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय से समन्वय स्थापित किया गया है,ताकि घोसी चीनी मिल को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित कर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की अग्रणी आधुनिक चीनी मिलों में विकसित किया जा सके। कार्यक्रम के उपरांत मंत्री श्री शर्मा ने बार्क में वैज्ञानिक के पद पर चयनित होकर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले युवा हिमांशु वर्मा के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने हिमांशु वर्मा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति है। इस अवसर पर श्री गिरिजा शंकर मौर्य, ब्लॉक प्रमुख श्री शुभम सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री अखिलेश तिवारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक श्री विजय प्रकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में सहकारी समिति के सदस्य, किसान एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

आगामी पेराई सत्र से पहले चीनी मिल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 मंत्री ए. के. शर्मा ने आगामी पेराई सत्र के दृष्टिगत घोसी सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिल परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये ।ताकि आगामी पेराई सत्र सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने चीनी मिल के प्लांट, मशीनरी, मैनपॉवर, संविदाकर्मियों की उपलब्धता, आंतरिक सड़कों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक बिंदु की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि मिल के संचालन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है । मंत्री श्री शर्मा ने चीनी मिल के महाप्रबंधक (जीएम) को निर्देशित किया कि मिल के आधुनिकीकरण, आवश्यक मरम्मत, मशीनों के उन्नयन, मानव संसाधन की आवश्यकता, संविदाकर्मियों की व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button