
संवाददाता/टडियाव (मऊ)।100 बेड वाले टडियाव सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन सिंह अपनी ड्यूटी को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, डॉ. पवन सिंह की नियुक्ति टडियाव अस्पताल में है, लेकिन वे यहां केवल औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराते हैं। बताया जा रहा है कि वे महज 2 घंटे ही अस्पताल में बैठते हैं, जबकि बाकी समय भिटी स्थित अपने निजी “एटलस हॉस्पिटल” में मरीजों को देखते हैं।शनिवार को भी उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठे, जब वे करीब 11:40 बजे अस्पताल पहुंचे। इससे पहले से इलाज के लिए इंतजार कर रहे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की बात नहीं, बल्कि रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर की कमी और तैनात चिकित्सकों की लापरवाही के कारण गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले पर क्या कार्रवाई करता है, या फिर मरीजों की परेशानी यूं ही जारी रहेगी।



