बुलंदशहर : लेखपाल पर रिश्वत का लगा आरोप, वारिसान रिपोर्ट के नाम पर मांगे रुपये
पीड़िता ने एफिडेविट के साथ SDM से की शिकायत, DM से कार्रवाई की मांग

बुलंदशहर/ संवाददाता मोहित त्यागी। शिकारपुर तहसील के एक लेखपाल पर वारिसान रिपोर्ट लगाने के नाम पर विधवा महिला से रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने शपथपत्र के साथ एसडीएम कार्यालय में लिखित शिकायत देकर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला शिकारपुर नगर के मोहल्ला कोट कलाँ का है। पीड़ित विधवा महिला का आरोप है कि वारिसान रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने के लिए लेखपाल ने पहले 1000 रुपये की मांग की। महिला के असमर्थता जताने पर लेखपाल ने 500 रुपये ले लिए और पैसे न देने पर रिपोर्ट पर हस्ताक्षर न करने की धमकी भी दी।पीड़िता ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वारिसान दर्ज कराने के लिए वह कई दिन से तहसील के चक्कर काट रही थी। लेखपाल ने साफ कहा कि बिना पैसे लिए रिपोर्ट आगे नहीं बढ़ेगी। मजबूरी में उसे 500 रुपये देने पड़े।महिला ने पूरे मामले की शिकायत शपथपत्र के साथ एसडीएम शिकारपुर को दी है। साथ ही डीएम बुलंदशहर से भी आरोपी लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम शिकारपुर का कहना है कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर लेखपाल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





