Slide 1
Slide 1
देवरिया

देवरिया : सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं

समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया। जनपद के सलेमपुर तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 90 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 54 राजस्व, 09 पुलिस, 05 विकास, 02 समाज कल्याण एवं 20 अन्य विभागों से संबंधित थे। इनमें से 17 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को त्वरित राहत प्रदान की गई। शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से किया जाए। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।  सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बीएलओ को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही तहसील सभागार सलेमपुर में सीबीएसई/आईसीएसई बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उनकी सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button