देवरिया:दो बाइकों की टक्कर में दो की मौत पांच युवक घायल, चार की हालत नाजुक।

असगर अली
देवरिया।बघौचघाट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात दो बाइको की आमने सामने टक्कर में दर्दनाक हादसा होगया।दशहरे पर्व का मेला देखकर लौट रहे सात युवकों की दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया।यह दुर्घटना मलवाबर गांव के समीप पुलिया के पास हुई।सूत्रों के अनुसार एक बाइक पर चार युवक और दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। देर रात लगभग 1:30 बजे दोनों बाइकें बघौचघाट-पकहां मार्ग पर आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सातों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।हादसे के बाद आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया।सूचना पर थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और सभी घायलों को सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने कोइलसवा गांव के शिवम और शंभू को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिवारों में कोहराम मच गया। घायलों में विकास सनी (17), मुकेश साहनी (18), अमित यादव (18) और दो अन्य का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है।दशहरे के उल्लास के बीच हुई इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया। मृतकों के परिजनो का रो-रोकर बेहाल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त यातायात नियंत्रण उपायों की मांग की है।पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बाइकों पर अधिक सवारियों के कारण हादसा होना सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है




