
डॉ एके राय / गाजीपुर। घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी अब केवल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं के घर पर होगी। यह कहना है जिलाधिकारी अविनाश कुमार का। यह वक्तव्य उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी प्रतिनिधियों और पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में दिया। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिये। उन्होंने एजेंसी प्रतिनिधियो से पारदर्शिता बनाए रखते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने को कहा। बताया गया कि यदि किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न हो तो उसके लिए कलेक्ट्रेट में इमरजेंसी ऑपरेशन कंट्रोल रूम के नंबरों 0548-2224041 पर कॉल करके अपनी शिकायत बता सकते हैं।
आयल कपंनी के प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में शहरी क्षेत्र में नई रीफिल की बुकिंग विगत बुकिंग के 26 वें दिन एवं ग्रामीण क्षेत्र में 46 वें दिन से शुरू हो रही है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के पश्चात् प्राप्त ओटीपी हॉकर को उपलब्ध कराने पर ही गैस ही आपूर्ति प्राप्त होगी। वर्तमान में जनपद में पेडिंग बुकिंग का औसतन तीन दिनों का बैकलाग चल रहा है।
जिलाधिकारी ने गैस कंपनियों को निर्देश दिए कि जिसने पहले बुकिंग कराई है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पहले सिलेंडर दिया जाए। उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यदि कहीं शिकायत मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाए। सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और कहीं भी ईंधन की कमी की स्थिति नहीं है। जिलाधिकारी ने गैस कंपनियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने नागरिकों से अपील किया कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। बैठक में अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी भू/रा आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक शहर राकेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह, एवं संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहें।
बताते चलें कि जिला प्रशासन के उपरोक्त आदेश के बावजूद भी घरेलू गैस उपभोक्ता सिलेंडर की प्राप्ति हेतु परेशान हैं। सिलेंडर बुकिंग के लिए बताये गये नम्बरों पर न तो काल हो रही है और न तो मैसेज ही जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को ओटीपी ही नहीं मिल रहा है तो फिर उन्हे सिलेंडर कैसे प्राप्त होगा। उपभोक्ताओं के इस प्रश्न का उत्तर न तो जिला प्रशासन दे पा रहा है और न ही गैस एजेंसी। इसके चलते उपभोक्ताओं को मारे मारे फिरना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि शहर में ओटीपी आने के बावजूद करीब 5 दिन हो गए लेकिन अभी तक सिलेंडर उन्हें उपलब्ध नहीं हो पाया है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति इसके विपरीत है यहां ओटीपी ही उपभोक्ताओं को प्राप्त नहीं हो पा रहा है। परेशान उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए इस दिशा में उचित कार्रवाई की मांग की है ताकि उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर प्राप्त हो सके।



