

डॉ ए के राय/गाज़ीपुर। राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदीबेन पटेल अपने एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम में शुक्रवार को पुलिस लाईन पहुंची। उन्होंने विवेकाधीन कोष से सेवा कार्य हेतु समर्पित बस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये प्रदर्शनी का अवलोकन कर दिव्यांग बच्चों से संवाद कार्यक्रम के साथ दिव्यांग बच्चों में व्हीलचेयर एवं अन्य उपकरण का भी वितरित किया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों द्वारा ‘‘तारे जमीन पर‘‘ गीत पर भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गयी। राज्यपाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों और वंचितों के जीवन में सुधार लाना है। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना ही प्राथमिकता है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लाभार्थियों को मिल रहा है। राज्यपाल ने बच्चों से उनकी शिक्षा, रुचियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और क्षमता में बाधा नहीं बन सकती। दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल महोदय द्वारा दो सौ आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल किट, पोषण अभियान के अन्तर्गत दस पोषण पोटली, सौ आयुष्मान कार्ड, स्वामित्व योजना के अन्तर्गत तीन सौ लाभार्थियों को घरौनी, मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत दो सौ लाभार्थियों को चाभी का वितरण, एक सौ कृषकों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का स्वीकृति प्रमाण पत्र, एक सौ पचास पी एम सूर्य योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, एक सौ जीरो पावर्टी के अन्तर्गत अन्त्योदय नवीन राशन कार्ड, श्रम विभाग द्वारा संचालित 225 लाभार्थियो को प्रमाण, मुख्यमत्री युवा उद्यमी अभियान के 250 लाभार्थियों को डमी चेक का वितरण किया गया । इस दौरान सभागार में बाल विकास पुष्टाहार विभाग के कार्यक्रम में आंगनबाड़ी बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। राज्यपाल ने उनकी सराहना करते हुए बच्चो को फलों की टोकरी एंव चॉकलेट का वितरण किया। इस दौरान महिला महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा महिला सुरक्षा पर सम्बोधन एवं शिक्षा पर सरकारी संस्थाओं की भुमिका पर विचार व्यक्त किये गये। कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद डा. संगीता बलवन्त ने राज्यपाल का स्वागत किया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए कहा कि आपके निर्देशन में महिला सशक्तिकरण, महिला एवं बाल स्वास्थ्य, दिव्यांगजनों के कल्याण तथा समाज के वंचित वर्गो के प्रति संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टि को निरंतर नई दिशा मिली है। महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, बच्चो के सर्वार्गीण विकास तथा दिव्यांगजनों के सम्मानजनक जीवन के लिये आपके मार्गदर्शन और करूणामय दृष्टिकोण ने हम सभी को प्रेरित किया है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्क्षय सरिता अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर जिलाधिकारी वि.रा. दिनेश कुमार, सिद्धार्थ राय, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारीगण उपस्थि रहे। आभार ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने किया।



