
गाजीपुर। नगर पंचायत कार्यालय सादात के समीप स्थित टाउन एरिया पोखरे में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से नगर में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में शव की पहचान नगर पंचायत सादात क्षेत्र के वार्ड संख्या सात निवासी मेहनतकश मजदूर प्रदीप मद्धेशिया उर्फ काकू के रूप में की गई। बताया गया कि प्रदीप 12 फरवरी की शाम घर से निकला था और तब से लापता था। छठवें दिन पोखरे से उसका शव मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सादात थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, वार्ड सात निवासी जवाहर मद्धेशिया का पुत्र प्रदीप मद्धेशिया उर्फ काकू गुरुवार की शाम अपनी पत्नी लक्ष्मी से खाना बनाने की बात कहकर घर से बाहर गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन भी उसके वापस न आने पर परिजनों ने सादात थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस और परिजन अपने-अपने स्तर से खोजबीन करते रहे, लेकिन सोमवार तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी।मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों ने पोखरे के पानी में एक शव उतराता देखा, जिसके बाद शोर मच गया। शव की पहचान होते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां इसरावती देवी, पत्नी लक्ष्मी देवी, पुत्र महादेव, सन्नी, बजरंगी और पुत्रियां गौरी व राधा सहित अन्य परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिलते ही सादात थाना मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिवार से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




