मऊ: मंत्री एके शर्मा ने विद्युत बिल राहत योजना के शिविरों का किया निरीक्षण

लाखों की राहत मिलने पर संतुष्ट उपभोक्ताओं ने ऊर्जा मंत्री का जताया आभार
सतीश कुमार पांडेय
मऊ।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत बिल राहत योजना के शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिंदटोलिया, सुग्गीचौरा, गजियापुर, डुमरी एवं मरयादपुर सहित विभिन्न स्थानों पर लगे शिविरों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बिंदटोलिया में आयोजित विद्युत बिल राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत बिलों में विसंगतियां हैं। उनका तत्काल सुधार कर योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अन्य विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के लिए भी संयुक्त शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री शर्मा ने कटान से प्रभावित परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया। सुग्गीचौरा में आयोजित शिविर के दौरान भैरोपुर निवासी एक उपभोक्ता के 16 वर्ष पुराने ₹2 लाख 15 हजार के विद्युत बिल का निपटारा मात्र ₹28 हजार में होने पर मंत्री श्री शर्मा ने उपभोक्ता को बधाई दी। उपभोक्ता ने 1 लाख 87 हजार की छूट मिलने पर ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त किया।इसी तरह डुमरी शिविर के निरीक्षण के दौरान एक अन्य उपभोक्ता का ₹3 लाख 23 हजार का विद्युत बिल समायोजित होकर ₹1 लाख 6 हजार में निपटने पर उपभोक्ता ने इस लोक कल्याणकारी योजना के लिए मंत्री श्री ए.के. शर्मा की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया। मंत्री श्री शर्मा ने गजियापुर एवं मरयादपुर में लगे शिविरों का भी निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में विद्युत बिल राहत योजना का लाभ उठाएं।
कोरोना कल में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराने पर चिकित्सक ने मंत्री श्री शर्मा का जताया आभार

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मऊ भ्रमण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुग्गीचौरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा वितरण कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष आदि का जायजा लिया। स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं और जांच सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मंत्री श्री शर्मा ने स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित मरीजों से उनके कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं पर फीडबैक भी प्राप्त किया। अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान उपस्थित चिकित्सक ने कोरोना काल को याद करते हुए बताया कि कोविड-19 महामारी के कठिन समय में जब ऑक्सीजन की भारी कमी थी, तब मंत्री श्री ए.के. शर्मा द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से अनेक मरीजों की जान बचाई जा सकी। चिकित्सक ने इस मानवीय सहयोग के लिए मंत्री श्री शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित निगरानी एवं सुदृढ़ीकरण आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।




