भदोही:सीएम डैशबोर्ड विकास कार्यों की रैंकिंग में जनपद भदोही ने प्रदेश में प्राप्त किया 12वां स्थान

प्रदेश में भदोही ने 91.70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर भदोही का बढाया मान, डीएम व सीडीओ ने की सराहना
आफताब अंसारी
भदोही। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की माह दिसम्बर की रैंकिंग में जनपद भदोही ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में 91.70 प्रतिशत अंकों के साथ 12वां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद के लिए गर्व का विषय है तथा प्रशासनिक कार्यों में निरंतर सुधार एवं प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने जनपद के समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम एवं टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का एक सशक्त माध्यम है और जनपद भदोही द्वारा इसमें किया गया बेहतर प्रदर्शन सभी विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। डीएम ने कहा कि जनपद में विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जनहित से जुड़े प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण से यह उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहें तथा विकास एवं राजस्व कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाएं। मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने कहा कि जनपद का लक्ष्य केवल रैंकिंग में स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि आम जनमानस तक शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर सुधार, तकनीकी नवाचार और विभागीय समन्वय के माध्यम से जनपद भदोही आने वाले समय में सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में और भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर होगा। यह उपलब्धि जनपद भदोही के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो यह दर्शाती है कि विकास एवं राजस्व कार्यों में निरंतर प्रगति हो रही है और प्रशासन जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




